जोशीमठ। बारिश होने के कारण बदरीनाथ हाईवे लामबगड़ में शनिवार को वाहनों की आवाजाही के लिए सुचारु नहीं हो पाया। लामबगड़ में चट्टान से दिनभर पत्थर और मलबा हाईवे पर गिरते रहे। हाईवे बाधित होने पर बदरीनाथ धाम, पांडुकेश्वर और जोशीमठ में कुल 540 तीर्थयात्रियों को रोका गया है, जबकि 60 तीर्थयात्री लामबगड़ के पैदल रास्ते से तीन किलोमीटर चलकर फिर वाहन से बदरीनाथ धाम के दर्शनों को पहुंचे।
शुक्रवार रात दो बजे भारी बारिश के कारण मलबा आने से लामबगड़ में हाईवे बंद हो गया था। शनिवार सुबह छह बजे मेकाफेरी कंपनी की मशीनों और मजदूरों ने हाईवे खोलने का काम शुरू किया। करीब नौ बजे हाईवे खोला गया, लेकिन इसी दौरान फिर बारिश होने लगी। पुलिस प्रशासन ने यहां वाहनों की आवाजाही नहीं कराई। सुबह साढ़े दस बजे चट्टान से भारी मात्रा में बोल्डर और मलबा हाईवे पर आ गया और लगातार बारिश से हाईवे खोलने का काम शुरू नहीं हो पाया। हाईवे न खुलता देख पुलिस प्रशासन ने 240 तीर्थयात्रियों को पांडुकेश्वर और जोशीमठ में जबकि 300 तीर्थयात्रियों को बदरीनाथ धाम में ही रोक दिया। वहीं 60 तीर्थयात्री पैदल ही बदरीनाथ धाम को रवाना हुए। मेकाफेरी कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर शोमित्र का कहना है कि लामबगड़ क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से हाईवे सुचारु नहीं किया जा सका है। रविवार को बारिश थमने के बाद हाईवे वाहनों की आवाजाही के लिए सुचारु कर दिया जाएगा।