गोपेश्वर। केंद्र सरकार के विजन 2022 को लेकर जिला सभागार में डीएम आशीष जोशी ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर पांच साल तक के लिए जिले के विकास का खाका तैयार किया। डीएम ने अधिकारियों को वर्ष 2022 तक जिले से साठ फीसदी गरीबी हटाने का लक्ष्य निर्धारित करने और जिले में उत्पादित सभी फसलों का शत-प्रतिशत बीमा करने के निर्देश दिए।
जिला सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम ने कहा कि अधिकारी विजन 2022 के लिए ठोस प्लानिंग तैयार करें। गरीबी को पूरी तरह से समाप्त करना है। इसके तहत साठ फीसदी बीपीएल परिवारों को गरीबी रेखा से ऊपर लाने के लिए सामाजिक सुरक्षा के तहत संचालित योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन किया जाएगा। सुरक्षित जीवन एवं परिसंपत्तियों के नुकसान को कम करने के लिए लोगों को प्रशिक्षित करने तथा भुखमरी समाप्त करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं बेहतर पोषण के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए योजना तैयार की जाएगी। डीएम ने जिला स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को शत-प्रतिशत लोगों को स्वास्थ्य बीमा का लाभ देने के निर्देश दिए। कहा कि 2022 तक कुपोषण को समाप्त करना है। जिले में बालिकाओं का लिंगानुपात 889 है, जो बहुत खराब है। उन्होंने सीएमओ को लिंगानुपात को सामान्य ठीक करने के लिए योजना तैयार करने के निर्देश दिए। इस मौके पर एडीएम ईला गिरी, डीएफओ नीतू लक्ष्मी एम, सुरेंद्र प्रताप सिंह, एसडीएम परमानंद राम, डीडीओ आनंद सिंह, सीएमओ डा. भागीरथी जंगपांगी आदि मौजूद थे।