कर्णप्रयाग। तहसील दिवस में लोगों ने बिजली, पेयजल और सड़क से संबंधित समस्याएं उठाई गईं। एसडीएम ने इन समस्याओं के प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के निर्देश दिए। इसके साथ ही कृषि एवं भूमि संरक्षण की ओर से किए गए सुरक्षा कार्यों और सड़क सुधारीकरण कार्य में लापरवाही की शिकायत पर एसडीएम केएन गोस्वामी ने दो सदस्यीय जांच कमेटी बनाकर 15 दिनों में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
ब्लाक सभागार में आयोजित तहसील दिवस में ग्राम प्रधान कालेश्वर हरीश चौहान ने शिकायत की कि गांव में कृषि एवं भूमि संरक्षण विभाग ने तीन लाख के सुरक्षा कार्य किए, लेकिन एक बरसात में ही सुरक्षा कार्य धराशायी हो गए। इस पर एसडीएम ने तहसीलदार और एई लोनिवि कर्णप्रयाग को मामले की जांच करने की बात कही। वहीं ग्रामीण जितेंद्र कुमार और अन्य ने सोनला से कंडारा होते धारडुंग्री तक बने 13 करोड़ के मार्ग की खस्ताहाल हालात की शिकायत की। एसडीएम ने तहसीलदार और एई लोनिवि गौचर को जांच सौंपते हुए 15 दिनों में रिपोर्ट देने के लिए कहा। इस अवसर पर बीईओ वीपीएस बिष्ट, कोषाधिकारी बीएन सेमवाल, बीडीओ एमपी भट्ट, एसआई एसडी जमलोकी, अनुज डिमरी, महिपाल नेगी, संजय रावत, लखपत सगोई आदि शामिल थे।