गोपेश्वर। दशोली विकास खंड में निर्माणाधीन मठ-छिनका-बौंला मोटर मार्ग के हिल कटिंग कार्य से दुर्गापुर गांव में आवासीय मकानों को खतरा उत्पन्न हो गया है। कटिंग से गांव के निचले हिस्से में भूस्खलन शुरू हो गया है। ग्रामीणों ने बारिश के मौसम में कार्य रोककर सड़क का एलाइनमेंट बदलने की मांग की है।
स्थानीय निवासी मथुरा देवी, सुमित्रा देवी, उमा देवी, नंदी देवी, सुशीला, बीना, रीना और देवेश्वरी देवी का कहना है कि मठ-छिनका-बौंला मोटर मार्ग में हिल कटिंग कार्य से आवासीय भवन खतरे की जद में आ गए हैं। बीते शनिवार रात को बारिश के दौरान कई जगहों पर पुस्ते क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इधर, पीएमजीएसवाई के अवर अभियंता तनुज कंबोज का कहना है कि मठ-छिनका-बौंला मोटर मार्ग पर आबादी क्षेत्र में हिल कटिंग कार्य बंद करवा दिया गया है। सड़क के हिल साइड पुस्ता निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा।