कर्णप्रयाग। ऑलवेदर रोड के निर्माण को लेकर हो रहे सर्वे पर व्यापारियों ने नाराजगी जताई है। व्यापारियों का कहना है कि रोड का सर्वे धरातल पर भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखकर नहीं किया जा रहा है बल्कि इसका सर्वे गूगल पर डिजिटल मैप बनाकर किया जा रहा है।
नगर मुख्यालय पर हुई व्यापार संघ की जिला स्तरीय बैठक में प्रकाश मिश्रा ने कहा कि ऑलवेदर रोड भारत सरकार का बहुआयामी प्रोजेक्ट है। इससे चार धाम ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय सीमा तक पहुंचने में सेना को मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि इसका सर्वेक्षण धरातल पर नहीं हो रहा है। बैठक में निर्णय लिया गया कि मामले को लेकर जिला उद्योग व्यापार मंडल का प्रतिनिधिमंडल केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री और मुख्यमंत्री से मिलेगा। बैठक में व्यापार संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश कुमार डिमरी, जिला मंत्री कुलदीप वर्मा, पवन राठौर, लक्ष्मी नारायण, ईश्वरी मैखुरी, सुदर्शन शाह और कैलाश खंडूड़ी ने भी विचार रखे।