अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
ब्राह्मण फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष भंवर लाल शर्मा ने कहा कि ब्राह्मणों के गौरव की स्थापना की जाएगी। आर्थिक रूप से कमजोर पंडितों को राहत दिलवाने का काम शुरू किया जा चुका है। ब्राह्मणों के सामने जो संकट हैं उनका निस्तारण कराया जाएगा।
फेडरेशन की कार्यकारिणी की बैठक शनिवार को गोकर्ण आश्रम में प्रारंभ हुई। भंवर लाल शर्मा ने ब्राह्मणों के अधिकारों को बचाने के लिए हर तरह के आयोजनों का संकल्प दोहराया। महामंत्री डा. प्रदीप ज्योति ने गतिविधियों का ब्यौरा कार्यकारिणी के सम्मुख प्रस्तुत किया। इसका सर्वसम्मति से अनुमोदन कर दिया गया। कार्यक्रम के संयोजक पदम प्रकाश शर्मा ने कहा कि संगठन के माध्यम से ही कोई सफलता प्राप्त की जा सकती है। यदि ब्राह्मण अपनी एकता बनाए रखेंगे तो सफलता निश्चित है। कोषाध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा ने आय व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया। पूर्व अध्यक्ष कोटा शंकर, रमेश चंद्र शर्मा, देवेंद्र शर्मा आदि ने संगठन के कार्यों की जानकारी दी। अश्वनी तिवारी, अवधेश मिश्रा, उज्जवल पंडित, शेखर शर्मा आदि ने भी विचार रखे।
बैठक का समापन रविवार को होगा। इस समापन समारोह में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, मेयर मनोज गर्ग भी भाग लेंगे। आर्थिक पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। उत्तराखंड में ब्राह्मणों की कॉपरेटिव सोसायटी बनाने की घोषणा की गई।