गोपेश्वर। इंजीनियरिंग कॉलेज गोपेश्वर में बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट ने शौर्य दीवार का अनावरण कर कॉलेज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया। यहां आयोजित समारोह में विधायक ने कॉलेज में फर्नीचर के लिए विधायक निधि से तीन लाख रुपये देने की घोषणा भी की। विधायक ने कहा कि कॉलेज में अध्ययनरत भावी इंजीनियर मेहनत और लगन से नौकरी मांगने नहीं बल्कि अपने अंदर नौकरी देने की क्षमता विकसित करें। कहा कि कॉलेज के राजकीयकरण को लेकर वे शीघ्र मुख्यमंत्री से वार्ता करेंगे।
इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने पर कॉलेज के प्रयोगशाला सहायक अमित कुमार, अखिलेश कांडपाल, वीरेंद्र कठैत, अनुराधा पाल, सविता, दुर्गा प्रसाद, राजेश गोदियाल, पुष्कर, विमल नौटियाल, चंद्रमोहन नेगी और संजीव को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कॉलेज के निदेशक केकेएस मेर ने कॉलेज परिसर के समीप निष्प्रयोज्य पड़ी उद्यान विभाग की भूमि को संस्थान को हस्तांतरित करने, संस्थान में स्थायी प्रवक्ताओं व कर्मचारियों की तैनाती करने, छात्रावास की सुविधा देने और कॉलेज के राजकीयकरण की मांग उठाई। इस मौके पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण डा. अजय गैरोला, संदीप कंडवाल, ओमवीर सैनी, जितेंद्र रौथाण, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष हरक सिंह, राजेंद्र ममगाईं, प्रदेश सदस्य रघुवीर सिंह बिष्ट, प्रकाश बर्तवाल, नीलम सिंह, मोहन सिंह नेगी और चंद्रकला तिवाड़ी आदि मौजूद थे।