श्रीनगर। गोतीर्थाश्रम के समीप अंग्रेजी शराब की दुकान हटाने, आंदोलनकारियों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और दुकान के सेल्समैन के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग के लिए चल रहा क्रमिक अनशन समाप्त हो गया है। एसडीएम मायादत्त जोशी ने क्रमिक अनशन समाप्त करवाते हुए बताया कि आंदोलनकारियों की सभी मांगों पर उचित कार्रवाई की गई है।
आंदोलन समाप्त करने के मसले पर एसडीएम जोशी ने आंदोलनकारियों से वार्ता की। एसडीएम ने बताया कि डीएम पौड़ी ने गृह विभाग को पत्र लिखकर आंदोलनकारियों पर दर्ज केस वापस लेने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया है। हाल में दुकान वापस हाईवे पर शिफ्ट हो गई है। वहीं सेल्समैन के खिलाफ मुकदमा हो गया है। इसलिए क्रमिक अनशन समाप्त कर दिया जाए।
समिति के अध्यक्ष प्रेमबल्लभ नैथानी ने बताया कि आंदोलनकारियों की मांगों पर कार्रवाई होने पर क्रमिक अनशन समाप्त कर दिया गया। इस मौके पर विमल बहुगुणा, डा. अरविंद दरमोड़ा, विभोर बहुगुणा, राजेश्वरी जोशी, सुरजी उनियाल, डब्बी गुनसोला, यशोदा और अंजू नेगी आदि मौजूद थे।