अमर उजाला ब्यूरो
श्यामपुर।
कांगडी गांव के होटल और चाय की दुकान पर खुले आम शराब की बिक्री हो रही है। शराब पीने वालों का सड़क पर हुड़दंग मचाने से बच्चों के महिलाओं का आना-जाना दुश्वार हो रहा है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद हाईवे से शराब की दुकान से 500 मीटर दूर ले जाने के आदेश के बाद प्रशासन ने शराब की दुकान कांगड़ी गांव से तीन किलोमीटर दूर नहर की पटरी पर खोली है लेकिन अब कांगड़ी गांव के पास बने होटल, चाय की दुकान व बीडी सिगरेट के खोखो में खुलेआम शराब बेची जा रही है। कुछ लोग तो अपने घरों से भी शराब बेच रहे हैं।
ग्रामीण फकीर चंद, सुनील पाल, कमल, कुलदीप चौधरी, मामचंद और नरेश पाल आदि का कहना है कि गांव में सड़क पर बने होटलों व घरों से शराब बिकने से गांव का माहौल खराब हो रहा है और आपराधिक गतिविधियां भी बढ़ रही हैं। गांव की महिलाओं और बच्चों का घर से निकलना भी दुश्वार हो रहा है। शराब पीने वाले हुड़दंग मचाते रहते हैं। इस समस्या को देखते हुए अवैध रूप स शराब बेचने वालों के नाम भी थानाध्यक्ष को दिए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध शराब पर अंकुश नहीं लगाने पर सब लोग एकत्रित होकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मिलेंगे। थानाध्यक्ष प्रदीप मिश्रा का कहना है कि अवैध रूप से बेची जा रही शराब के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवई की गई है। आगे भी अभियान जारी रहेगा।