अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
स्वतंत्रता दिवस पर झंडारोहण कार्यक्रम में पहुंचे रानीपुर के विधायक आदेश चौहान के सामने ही कुछ शराबी काफी देर तक हंगामा करते रहे। विधायक ने इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कोतवाल से शराब की बिक्री रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा।
स्वतंत्रता दिवस पर विष्णुलोक कालोनी में आयोजित झंडारोहण कार्यक्रम में रानीपुर के विधायक आदेश चौहान बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। इस बीच दो शराबियों ने शोर शराबा मचाना शुरू कर दिया। विधायक के पीआरओ ने इसकी जानकारी रानीपुर पुलिस को दी। इस पर कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट मय टीम आयोजन स्थल पर पहुंचे और दोनों शराबियों का चालान कर दिया। शराबियों के शोर शराबे से विधायक गुस्से में थे। झंडारोहण के बाद अपने संबोधन में वह पुलिस पर जमकर बरसे। उन्होंने रानीपुर पुलिस पर अवैध शराब बिकवाने तक का आरोप लगा दिया। मौके पर मौजूद कोतवाल प्रदीप बिष्ट ने इस पर आपत्ति की। इस पर विधायक आदेश चौहान और कोतवाल प्रदीप बिष्ट आपस में उलझ गए। विधायक और कोतवाल गुस्से से कार्यक्रम में जल्दी चले गए। विधायक आदेश चौहान का कहना है कि अवैध शराब की बिक्री को लेकर वे पहले भी पुलिस से कार्रवाई करने को कह चुके हैं। वहीं, कोतवाल प्रदीप बिष्ट का कहना है कि पुलिस समय-समय पर अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाती है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारोबार पर रोक नहीं लगाने के बारे में पुलिस पर लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं।