गैरसैंण/देवाल/गौचर/नारायणबगड़। स्वतंत्रता दिवस पर भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद्र अग्रवाल को झंडारोहण करना था, लेकिन मौसम खराब होने के चलते उनका हेलीकॉप्टर भराड़ीसैंण नहीं पहुंच पाया। इसके बाद विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी ने झंडारोहण किया। स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।
बाद में विधायक नेगी के जरिए विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने लोगों को फोन से संबोधित किया। विस अध्यक्ष ने कार्यक्रम में भागीदारी करने वाले प्रत्येक स्कूली छात्र-छात्रा को 200-200 रुपये पारितोषिक देने की घोषणा की। इस मौके पर विधानसभा सचिव जगदीश चंद्र, थराली के विधायक मगन लाल शाह आदि मौजूद थे। दूसरी ओर गौचर में आईटीबीपी, पुलिस चौकी, बीआरओ आदि ने स्वतंत्रता दिवस मनाया। नारायणबगड़, थराली और देवाल में भी बच्चों ने प्रभात फेरी निकाली। कर्णप्रयाग के डिम्मर गांव में आजाद हिंद फौज के सेनानी स्व. भवानी प्रसाद डिमरी की पत्नी दर्शनी देवी सहित आठ बुजुर्गों को सम्मानित किया गया। गांव के चौंरी चौक में ग्रामीणों ने झंडारोहण किया।