कबड्डी सेमीफाइनल में पहुंचे गंगाभोगपुर, मोहनचट्टी, बनचूरी व दिउली स्कूल
अमर उजाला ब्यूरो
मुनि की रेती।
राजकीय इंटर कॉलेज लक्ष्मण झूला में यमकेश्वर ब्लॉक स्तरीय शरदकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता विधिवत शुरू हो गई। दो दिवसीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में विकास खंड के 15 विद्यालयों के बालक-बालिका वर्ग की टीमों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान सीनियर, जूनियर व सब जूनियर वर्ग की कबड्डी, खो-खो व वालीबॉल प्रतियोगिताएं आयोजित की गई।
लक्ष्मण झूला स्थित विद्यालय प्रांगण में सोमवार से शुरू हुई दो दिवसीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का बतौर मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष शकुंतला राजपूत और खंड शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर शुभारंभ किया। सोमवार को पहले दिन आयोजित सीनियर बालक वर्ग कबड्डी प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज गंगाभोगपुर, राइंका मोहनचट्टी, राइंका बनचूरी और राजकीय इंटर कॉलेज दिउली ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया। जबकि जूनियर बालक वर्ग कबड्डी में राजकीय इंटर कॉलेज गंगाभोगपुर, राइंका गैंडखाल, राइंका हीराखाल और राजकीय इंटर कॉलेज लक्ष्मण झूला सेमीफाइनल में पहुंचे।
सीनियर बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में इंटर कॉलेज पोखरखाल की टीम ने इंटर कॉलेज नीलकंठ को पराजित किया। वहीं सीनियर बालिका वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता में इंटर कॉलेज पोखर खाल ने राइंका लक्ष्मण झूला को हराया। जूनियर बालिका वर्ग खो-खो में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परंदा ने राइंका लक्ष्मण झूला को हराया।
सब जूनियर बालिका वर्ग खो-खो में राउमावि तिलधारखाल ने राइंका हीरा खाल को हराया। सीनियर बालक वर्ग वॉलीबॉल में राजकीय इंटर कॉलेज मोहनचट्टी इंटर कॉलेज दिउली को हराया।
पिछले वर्ष की राष्ट्रीय खिलाड़ी सोनाली पयाल और खेल शिक्षक महिपाल लिंगवाल को प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य मदन मोहन उप्रेती, ब्लॉक खेल समन्वयक प्रशांत बडोला, वीरेंद्र तनवार, राजेश भट्ट, नंदकिशोर रतूड़ी, रमेश रावत, महेश्वर दास गुप्ता, सलीम अहमद, अमित सैनी, रश्मि गुप्ता, लक्ष्मी जग्गी, प्रवीण कुमार, करन सिंह, विशाल सिंह आदि मौजूद थे।