स्वदेशी जागरण मंच ने स्वेदशी अपनाकर राष्ट्रहित में योगदान देने की अपील की
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश।
स्वदेशी जागरण मंच की ओर से लोगों से चीन से निर्मित वस्तुओं के बहिष्कार की अपील की गई। बताया कि मंच के आह्वान पर दिवाली से पूर्व दिल्ली में एक लाख लोग चीनी सामान के बहिष्कार के लिए सड़कों पर उतरेंगे।
मंच की ओर से सोमवार को चार धाम यात्रा बस ट्रांजिट कंपाउंड स्थित प्रेस भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान ‘चीन की चुनौती और हमारा कर्तव्य’ पुस्तक का विमोचन किया गया। मंच के प्रदेश संयोजक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि डोकलम में सीमा विवाद में चीन हर रोज धमकी दे रहा है। इससे देश की जनता में चीन के खिलाफ आक्रोश बढ़ रहा है। हर भारतीय को चीन निर्मित वस्तुओं का बहिष्कार कर अपने देश के जवानों का हौसला बढ़ाना होगा। चीन भारत में कई मिलियन डालर का कारोबार कर रहा है। जिसके कारण चीन की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है।
उधर व्यवस्था परिवर्तन मंच ने चीनी सामान का बहिष्कार करने की मुहिम को समर्थन दिया है। मंच के प्रदेश अध्यक्ष डा. राजे नेगी ने कहा जिस पैसे से भारत के लोग चीन निर्मित सामान खरीदते हैं। उसी पैसे से चीन अपनी सैन्य ताकत को बढ़ाकर भारत पर हावी होने का प्रयास कर रहा है। चीन पाकिस्तान को भी मदद दे रहा है। बताया कि 29 अक्तूबर को मंच के आह्वान पर एक लाख लोग दिल्ली के रामलीला मैदान में चीनी सामान के बहिष्कार के समर्थन में उतरेंगे। मौके पर विपिन कंडवाल, राहुल त्रिपाठी, उत्तम सिंह असवाल, संजीव चौहान आदि मौजूद थे।