बाल लीलाओं ने मन मोहा, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर हुए आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में नगर क्षेत्र में कई संस्थाओं की ओर से कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान स्कूली बच्चों ने श्रीकृष्ण-सुदामा मिलन की नाट्य प्रस्तुति ने लोगों का मन मोह लिया।
सोमवार को उग्रसेन नगर स्थित मॉर्निंग बेल्स कॉन्वेट स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में नौनिहालों ने बाल कृष्ण का स्वरूप धारण कर नटखट कृष्ण की बाल लीलाओं की मोहक प्रस्तुति दी। बच्चों ने कृष्ण-सुदामा के मिलन पर लघु नाटिका का शानदार प्रस्तुतिकरण दिया। इस दौरान बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रमों से मन मोह लिया। इस दौरान बाल कृष्ण की भूमिका में प्रतीक, अवनीश, आयुष्मान व राधा की भूमिका में अस्मिता घिल्डियाल, वंशिका, अनन्या, नव्या गोयल, शिवांगी व रिद्घिमा रही। विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रवीण सहगल ने बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़ी जानकारियां दी। मौके पर रीना, शिप्रा, सोनम, स्वाति, प्रीति, कृतिका, रश्मि, नेहा आदि मौजूद थे।
मुनि की रेती के दयानंदनगर स्थित मां कात्यायनी मंदिर ज्ञान प्रकाश आश्रम ट्रस्ट में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में कक्षा एक से पांच तक के स्कूली बच्चों की प्रतियोगिताएं हुई। बच्चों ने फैंसी ड्रेस, कला व नृत्य प्रतियोगिता में अपने हुनर का प्रदर्शन किया। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में नैतिक कला केंद्र ने पहला, चंद्रेेश्वर पब्लिक स्कूल ने दूसरा, आदर्श पब्लिक स्कूल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। सांस्कृतिक प्रतियोगिता में हिमालयन पब्लिक स्कूल प्रथम, चंद्रेेश्वर पब्लिक स्कूल ने द्वितीय, सरस्वती विद्या निकेतन हाईस्कूल ने तृतीय रहे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि स्वामी केवलानंद, विशिष्ट अतिथि राजपाल, गुरविंदर सलूजा, नमिता सलूजा, रविंद्र सलूजा, अभिषेक शर्मा आदि मौजूद रहे।