घाट (चमोली)। भक्तों के जय मां नंदा के जयकारों के साथ रविवार को जय मां नंदा मां नंदा की लोकजात का शुभारंभ हो गया। कुरुड़ गांव में स्थित मां नंदा के मंदिर में कई भक्तों ने मां नंदा के दर्शन किए। वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ दशोली और बधाव की मां नंदा की डोलियों को लोकजात यात्रा के लिए मंदिर के गर्भगृह से मंडप में स्थापित किया गया। 15 अगस्त को देव डोलियां लोकजात यात्रा के लिए प्रस्थान करेंगी।
रविवार को तड़के से ही कुरुड़ मंदिर में मां नंदा की विशेष पूजाएं संपन्न हुई। मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित मुंशी चंद्र गौड़, योगेश्वर प्रसाद, राकेश, कन्हैया प्रसाद, मंशाराम, मनोहर, सत्य प्रसाद, धनीराम और राजेश गौड़ ने गणेश पूजा के बाद मां नंदा का आह्वान किया। दशोली और बधाण की मां नंदा की डोलियों पर शक्ति चढ़ाई गई। सुबह ठीक दस बजे दोनों देव डोलियां गर्भगृह से मंडप में स्थापित की गई। मेले का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक मगन लाल ने किया। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष मुन्नी शाह, मेला समिति के अध्यक्ष मंशाराम गौड़, जिला पंचायत सदस्य दर्शन सिंह नेगी, कलावती मैंदोली, सुखवीर रौतेला आदि मौजूद थे।