अब मनोविज्ञान में स्नातकोत्तर की मंजूरी
-- शहीद दुर्गा मल्ल पीजी कालेज में अब आठ विषय हुए
अमर उजाला ब्यूरो
डोईवाला।
शहीद दुर्गा मल्ल पीजी कालेज डोईवाला में स्नातकोत्तर स्तर पर अब छात्र छात्राओं को मनोविज्ञान विषय भी मिल सकेगा। शासन स्तर से डोईवाला कालेज में आठवें विषय के रूप में मनोविज्ञान को संचालित करने की अनुमति मिल गई है। डोईवाला महाविद्यालय के लिए शनिवार का दिन उत्साहजनक रहा। महाविद्यालय को शासन स्तर से मनोविज्ञान विषय संचालित करने की अनुमति मिल गई है। अभी तक डोईवाला कालेज में स्नातकोत्तर स्तर पर हिन्दी, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान, इतिहास, भूगोल और समाज शास्त्र विषय थे। अब आठवें विषय रूप के मनोविज्ञान की अनुमति मिल जाने से कालेज में खुशी का माहौल है।
कालेज के मीडिया प्रभारी डा. केएल तलवाड ने बताया कि कालेज में शनिवार को मनोविज्ञान विषय की स्वीकृति मिलने की सूचना शासन द्वारा मिली है। स्थानीय स्तर पर मनोविज्ञान छात्र-छात्राओं का पसंदीदा विषयों में रहा है। कालेज प्रशासन और छात्र संगठन के प्रतिनिधि सरकार से बराबर मनोविज्ञान समेत अन्य विषयों को बढ़ाने के लिए जोर लगा रहे थे। मनोविज्ञान विषय मिल जाने से सबके चेहरे खिल हुए है। कालेज प्राचार्य डा एमसी नैनवाल ने बताया कि एमए स्तर पर मनोविज्ञान की स्वीकृति मिलने के साथ असिस्टेंट प्रोफेसर के दो पद भी स्वीकृत हुए हैं। विश्वविद्यालय के पैनल के निरीक्षण समेत कुछ जरूरी औपचारिकताओं को जल्द पूर कर इसी सत्र से विषय की कक्षाओं को शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है।