अमर उजाला ब्यूरो
बहादराबाद।
ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में नेताओं ने कार्यकर्ताओं में जमकर जोश भरा। वक्ताओं ने कहा कि कार्यकर्ताओं के दम पर ही भाजपा को विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बना।
शनिवार को धनौरी मार्ग स्थित एक फार्म हाउस में हुए कार्यकर्ता सम्मेलन में वित्त मंत्री प्रकाश पंत ने कार्यकर्ताओं को अनमोल पूंजी बताया। कहा कि इनकी बदौलत ही देश के सभी संवैधानिक पदों पर भाजपा कार्यकर्ता आसीन हो सके हैं। कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार लगातार प्रयासरत है। चीनी मिलों 55 करोड़ भुगतान कर दिया गया है। इकबालपुर गन्ना मिल की ओर से किसानों का भुगतान नहीं करने पर सरकार ने उसे सीज करने का आदेश दे दिया है। इसके बाद भी किसानों का भुगतान नहीं होने पर गन्ना मिल की आरसी काटी जाएगी।
शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि पूर्व सरकार 45000 करोड़ का कर्जा देकर गई। मौजूदा सरकार ने किसानों को भुगतान के लिए 55 करोड़ रुपए दिलवाए। निर्धारित किया कि किसानों को गन्ने का भुगतान नगद किया जाए।
सांसद डा. रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि पूर्व में बीजेपी की सरकार के समय उत्तराखंड अकेला ऐसा राज्य था, जिसने किसानों को गन्ने का सबसे अधिक मूल्य और समय से भुगतान किया था। कांग्रेस सरकार ने राज्य चौराहे पर खड़ा कर था जिसे इन चार महीनों में पटरी पर लाने का कार्य तेजी से किया गया। उन्होंने विधायक सुरेश राठौर की प्रशंसा की। उन्होंने वित्त मंत्री से कहा कि घाड़ क्षेत्र के लिए अलग से योजना बनाकर विकास कार्य कराएं।
सम्मेलन के संयोजक ज्वालापुर के विधायक सुरेश राठोर ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं उठाई तथा भाजपा सरकार के दौरान कराए गए कार्यों के बारे में भी बताया। रानीपुर के विधायक आदेश चौहान, भाजपा के जिलाध्यक्ष जयपाल चौहान, कैलाश पंत, पूर्व जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश जमदग्नि, पवन राठौर ज्वालापुर के मंडल अध्यक्ष चंदन चौहान, श्यामवीर सैनी, निर्मल सिंह, सुशील चौहान, नरेश जायसवाल, राजकुमार चौहान, मोहित धीमान, सुधीर सैनी, रूपेश चौहान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।