अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
भाजपा ने नगर निगम क्षेत्र में मांस-मंदिरा और अंडे के बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। कहा कि इस बारे में वे शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक से मिलेंगे।
बुधवार को जगजीतपुर स्थित कार्यालय पर हुई बैठक में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष नरेश शर्मा ने कहा कि हरिद्वार के बायलॉज में अंग्रेजी शासनकाल से मांस-मंदिरा प्रतिबंधित है। जबकि वर्तमान में नगर निगम क्षेत्र के जटवाड़ा पुल, जगजीतपुर, रेल चौकी आदि स्थानों पर मांस मंदिरा की ब्रिकी हो रही है। शर्मा ने कहा कि नगर निगम में भी प्रस्ताव पारित हुआ, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। इससे धर्मनगरी में आस्था से खिलवाड़ हो रहा है और असामाजिक तत्वों की संख्या बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि मांस-मंदिरा पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगवाने के लिए शीघ्र शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक से मुलाकात की जाएगी। बैठक में आनंद सिंह नेगी, विनोद उपाध्याय, अरविंद सिंह, पंडित लक्ष्मी नारायण आदि शामिल हुए। वहीं दूसरी ओर विश्व हिंदू परिषद धर्म प्रसार के जिला संयोजक चरनजीत सिंह पाहवा ने कहा कि मांस-मंदिरा को प्रतिबंध कराने को नगर निगम के बोर्ड में प्रस्ताव तो पारित हो गया, लेकिन कोई कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी है। जिसको लेकर फिर से मेयर और नगर आयुक्त से मुलाकात की जाएगी।