श्रीनगर। भारत छोड़ो आंदोलन की 75वीं वर्षगांठ पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने वीडियो कान्फ्रेंस के माध्यम से स्कूली छात्रों के साथ सीधा संवाद किया। उन्होंने छात्रों को स्वयं में व्यावसायिकता का गुण विकसित करना को कहा। संवाद के दौरान छात्रों ने लिंगानुपात, पलायन व शिक्षा पर सवाल भी पूछे।
बुधवार को सीधा संवाद कार्यक्रम के लिए शिखा विभाग ने तहसील परिसर स्वान केंद्र पर व्यवस्था की थी। सीधे संवाद के दौरान पौड़ी की छात्रा ने लिंगानुपात में भारी अंतर पर मुख्यमंत्री से पूछा। जिस पर त्रिवेंद्र रावत ने कहा कि राज्य के तीन जिलों चंपावत, पिथौरागढ, पौड़ी में लिंगानुपात में काफी अंतर है। इन तीन जिलों में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओं के तहत विशेष अभियान चलाया जाएगा। कहा कि लिंगानुपात में समानता के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। सरकार का पूरा प्रयास है कि लिंगानुपात को नियंत्रित किया जा सके। इसके अलावा छात्रों ने मुख्यमंत्री से पहाड़ों से पलायन, स्वास्थ्य व शिक्षा पर भी सवाल किए, जिसका सीएम ने बड़ी संजीदगी से जवाब दिया। कार्यक्रम मे एसडीएम मायादत्त जोशी, तहसीलदार सुनील राज, खंड शिक्षा अधिकारी एमएल आर्य आदि मौजूद थे। कनेक्टिविटी सही न होने के कारण छात्रों को मुख्यमंत्री कार्यालय का वीडियो नहीं दिखाई दे रहा था। आडियो भी कई बार बीच-बीच में बाधित हो रहा था, जिससे कि छात्र मुख्यमंत्री का संबोधन ढंग से नहीं सुन पाए।