अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को रानीपुर क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाया। कार्यकर्ताओं ने लोगों से 11 अगस्त को होने वाले विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की।
केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ बसपा ने विरोध का बिगुल बजा दिया है। विरोध प्रदर्शन की शुरूआत हरिद्वार से की जा रही है। 11 अगस्त को ऋषिकुल ग्राउंड में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इसके लिए बसपा पदाधिकारियों ने मंगलवार को रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष अश्वनी कुमार के नेतृत्व में जनसंपर्क अभियान चलाया। सलेमपुर, रावली महदूद, रोशनाबाद, बहादराबाद और जगजीतपुर के कई इलाकों में जनसंपर्क कर लोगों को विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की। अश्वनी कुमार ने कहा कि हरियाणा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश समेत राज्यों में भाजपा सरकार के बनते ही दलितों का शोषण शुरू हो गया था। कहा कि भाजपा सरकार में दलित नेताओं को राज्य सभा में बोलने का मौका नहीं दिया जाता है। जब बसपा सुप्रीमो को ही सदन में बोलने नहीं दिया गया तो दलित की आवाज कौन उठाएगा। अभियान में मेाहनलाल, शबुद्ध गौतम, रूपचंद्र आजाद, राजकिशोर, सुरेश, प्रदीप, राजदीप, मैनपाल तथा सपन आदि मौजूद रहे।