अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
डेंगू के कहर से हर कालोनी और मोहल्ला त्रस्त है। बावजूद इसके स्वास्थ्य विभाग की ओर से डेंगू से निपटने के लिए कोई ठोस कार्ययोजना तैयार नहीं की गई है। यहां तक निजी अस्पतालों के डाटा को भी विभाग उजागर नहीं कर रहा है। शहरी विकास मंत्री के निर्देश के बाद भी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों पर कोई असर होता नहीं दिख रहा है। जिला अस्पताल में मरीजों की जांच के लिए ओपीडी और डाक्टर के बारे में भी कोई सूचना नहीं है।
जनपद में डेंगू से निपटने के लिए शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ शनिवार को सीसीआर में बैठक ली थी। मंत्री ने डेंगू से निपटने के लिए तीन दिन का समय दिया, लेकिन मंत्री के आदेशों का कोई असर नहीं दिखाई दे रहा है। डेंगू के खिलाफ अभियान तो दूर जिन घरों में डेंगू के मरीजों के मामले आ रहे हैं वहां तक जाना भी मुनासिब नहीं समझा गया। रोशनाबाद से कई मामले आए, लेकिन वहां तक टीम नहीं पहुंच सकी, जबकि परिवारों के साथ सीएमआई अस्पताल ज्वालापुर से भी मरीजों का रिकार्ड जिला मलेरिया विभाग को भेजा गया। इसके बावजूद अधिकारी मरीजों के मामले न आने की बात कहता रहा।
जिला अस्पताल में कोई सूचना नहीं
जिला अस्पताल में डेंगू मरीजों को भर्ती करने को आईसोलेेशन वार्ड बनाया गया है। एक अगस्त तक जिला अस्पताल में डेंगू के मरीज देखने को कोई डाक्टर नहीं था, लेकिन दो अगस्त से फिजिशियन डा. संदीप टंडन आए और ओपीडी से बाहर प्राइवेट वार्ड में बैठाए गए। उन्हें ही डेंगू प्रभारी बनाया गया, लेकिन अस्पताल में डेंगू के डाक्टर के प्रचार के लिए कोई बोर्ड पर सूचना तक चस्पा नहीं की गई। इससे जिला अस्पताल में डेंगू के मरीज नहीं पहुंच रहे हैं।
पैथोलॉजिस्ट 15 अगस्त के अवकाश पर
हरिद्वार। जिला और मेला अस्पताल की पैथोलॉजी के साथ-साथ ब्लडबैंक का प्रभार डा. एसएन खान पर है, लेकिन वे निजी कारणों से 15 अगस्त तक अवकाश पर हैं। इससे अस्पताल की पैथोलॉजी की जांच भी प्रभावित है और ब्लडबैंक में सेपरेटर यूनिट भी बंद है। हालांकि अन्य स्टाफ प्लेटलेट्स ब्लड तैयार करने में प्रशिक्षित है, लेकिन अभी किसी अस्पताल से प्लेटलेट्स ब्लड की डिमांड ही नहीं आई है।
एक नए मरीज का मामला आया
डेंगू से पीड़ित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। सोमवार को कनखल के एक निजी अस्पताल से एक मरीज का मामला आया है। मलेरिया अधिकारी गुरनाम सिंह ने बताया कि शिवालिकनगर निवासी युवक डेंगू से पीड़ित मरीज कनखल अस्पताल में इलाज करा रहा है। अब तक डेंगू से पीड़ित मरीजों के मामले 25 हो चुके हैं।
डेंगू से पीड़ित मरीजों के घर पर टीम जा रही है, लेकिन कुछ मरीजों के घर मिल नहीं पा रहे हैं। रविवार और सोमवार का अवकाश था, अब मंगलवार से सभी टीम डेंगू के खिलाफ उतरेंगी। - डा. गुरनाम सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी।
जोगेंद्र मावी