गोपेश्वर। ग्वानाधार स्थित सरकारी कालोनी में एक सप्ताह से पेयजल आपूर्ति ठप पड़ी है। यहां रह रहे अधिकारी-कर्मचारी करीब एक किमी दूर से पेयजल आपूर्ति कर रहे हैं।
जिला मुख्यालय गोपेश्वर से पांच किमी दूर ग्वानाधार में सरकारी कालोनी है। कालोनी में पेयजल सप्लाई के लिए रौली गदेरे से करीब तीन किमी की पेयजल लाइन का निर्माण किया गया था। पेयजल लाइन का रख-रखाव न होने के कारण बारिश के दौरान पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। अब सरकारी कालोनी में एक सप्ताह से पेयजल किल्लत बनी है। कालोनी में रह रहे 24 अधिकारी-कर्मचारियों के परिजन एक किमी दूर से पानी की आपूर्ति कर रहे हैं। कालोनी निवासी राजेंद्र लाल शाह, वीरेंद्र असवाल और मकर सिंह का कहना है कि पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने की सूचना जब जल संस्थान को दी गई तो विभागीय अधिकारियों ने लाइन उनके संरक्षण में न होने की बात कह कर सुधारीकरण से इंकार कर दिया गया। वहीं जल संस्थान के सहायक अभियंता अरुण गुप्ता का कहना है कि ग्वानाधार स्थित आवासीय कॉलोनी की पेयजल लाइन जल संस्थान को हस्तांतरित नहीं की गई है। इस कारण लाइन का सुधारीकरण नहीं कर सकते हैं।