जोशीमठ। क्षेत्र में हो रही बारिश से मारवाड़ी-चांई मोटर मार्ग खतरनाक बना है। बारिश से सड़क की मिट्टी दलदल में तब्दील हो गई है। ऐसे में ग्रामीण जान हथेली पर रखकर यहां से वाहनों में सफर करने को मजबूर हैं।
वर्ष 2013 में क्षेत्र में निर्मित जल विद्युत परियोजना की निर्मात्री जेपी कंपनी की ओर से चांई गांव तक चार किलोमीटर सड़क का निर्माण किया गया लेकिन आज तक सड़क लोनिवि को हस्तांतरित नहीं की गई है। रख-रखाव न होने से सड़क कई जगहों पर क्षतिग्रस्त हो गई है। पंकज पंवार, आशीष पंवार और संदीप पंवार का कहना है कि मारवाड़ी-चांई सड़क कई जगहों पर बदहाल है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से सड़क सुधारीकरण और इसे लोनिवि को सौंपने की मांग उठाई। उन्होंने बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट से भी मामले में कार्रवाई की मांग की।