अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
रानीपुर क्षेत्र की समस्याओं के निस्तारण के लिए जिलाधिकारी दीपक रावत और रानीपुर के विधायक ने रोशनाबाद में विभागीय अधिकारियों की बैठक की। बैठक में डीएम ने शिवालिक नगर पालिका को प्रमाणपत्र जारी करने के आदेश दिए। साथ ही अधिकारियों को लापरवाही बरतने पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी।
रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में सफाई, सीवर व्यवस्था, अवैध कब्जे, विष्णुलोक कालोनी वासियों को जन्म मृत्यु प्रमाणपत्र न बन पाने, बिजली व्यवस्था, बीएचईएल अधिकारियों द्वारा मुख्य नालों की सफाई समेत तमाम समस्या सामने आ रही थी। संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी दीपक रावत और रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने समस्याओं की निस्तारण के लिए बैठक की। बैठक में विधायक आदेश चौहान ने नगर पालिका शिवालिक नगर में प्रमाण पत्र जारी न करने का मुद्दा उठाया। जिलाधिकारी ने प्रमाण पत्र जारी करने के आदेश दिए। विधायक ने सुभाष नगर में अतिक्रमण हटाने के लिए 15 दिन के भीतर कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम अभिषेक त्रिपाठी, एडीएम मनीष कुमार, अतुल वशिष्ठ, उपेंद्र शर्मा, अशोक महेता, रीता चमोली, शशिकांत वशिष्ठ, ललित चौहान, आंनद सिंह नेगी, इमरान मंसूरी, चमन चौहान के अलावा कई अधिकारी भी मौजूद रहे।