श्रीनगर। सारे जहां से अच्छा हिंदोस्तां हमारा बैंड धुन बजाकर भारतीय सेना ने जीआईएंडटीआई मैदान में माहौल देशभक्ति पूर्ण कर दिया। भारतीय सेना की बैंड धुन को सुनकर वहां मौजूद स्थानीय निवासी और छात्र काफी देर तक भारत माता की जय और भारतीय सेना जिंदाबाद के नारे लगाते रहे।
शनिवार को स्थानीय जीआईएंडटीआई मैदान में भारतीय सेना के गरुड़ आर्टिलरी बिग्रेड की ओर से भारतीय सेना, लोगों के साथ बढ़ते कदम थीम पर आधारित बैंड प्रदर्शन कार्यक्रम रखा गया था। मुख्य अतिथि कर्नल रितेश शर्मा ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों और स्कूली छात्रों से रू-ब-रू होना है। साथ ही यह संदेश देना है कि चाहे परिस्थितियां जो भी हों सेना हर समय आम लोगों के साथ खड़ी है। इस दौरान सेंट्रल कमांड, 23 मराठा लाइट इंफेंट्री और जम्मू-कश्मीर लाइट इंफेंट्री की बैंड टुकड़ियों ने प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में एसडीएम मायादत्त जोशी, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता सुरेश तोमर, कोतवाल एनएस बिष्ट, एसएसआई जितेंद्र चौहान, गढ़वाल विवि के सहायक जनसंपर्क अधिकारी आशुतोष बहुगुणा आदि मौजूद थे। कार्यक्रम आयोजन में कैप्टन अखिल, सूबेदार अनिल, कुलदीप हवलदार श्याम सिंह ने सहयोग किया।
जीआईसी व एसजीआरआर के ही छात्र पहुंचे कार्यक्रम में
श्रीनगर। सेना की ओर से क्षेत्र के सभी स्कूली छात्रों को कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था। इसके लिए कैप्टन निखिल ने खंड शिक्षा अधिकारी एमएल आर्य और क्षेत्र के सभी निजी स्कूलों के प्रधानाचार्यों से वार्ता भी की थी। बावजूद इसके, जीआईसी और गुरुरामराय पब्लिक स्कूल ने ही छात्रों को सेना के कार्यक्रम में भेजा।
नियंत्रण और समन्वय सीखा आर्मी से
श्रीनगर। कार्यक्रम में मौजूद छात्रों ने कहा कि आर्मी के इस कार्यकम से उन्होंने नियंत्रण और आपसी समन्वय सीखने को मिला, जो बेहद उपयोगी साबित होगा। छात्रों का कहना था कि आर्मी को समय-समय पर छात्रों के बीच ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने चाहिए।