श्रीनगर। राजकीय मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने रैगिंग रोकने के लिए कठोर कदम उठाए हैं। रैगिंग के दोषी छात्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के साथ-साथ उसे हॉस्टल से भी निकाल दिया जाएगा।
प्राचार्य प्रो. सीएमएस रावत ने बताया कि कॉलेज में एमबीबीएस 2017-18 बैच की कक्षाएं शुरू हो गई हैं। नवागंतुक छात्र मेडिकल कॉलेज और बेस अस्पताल परिसर स्थित छात्रावासों में रह रहे हैं। इसे देखते हुए सीनियर छात्रों को चेतावनी दी गई है कि यदि कोई छात्र रैगिंग में संलिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ एफआईआर तो दर्ज होगी ही साथ ही उसे हॉस्टल से भी निकाल दिया जाएगा। प्राचार्य ने एंटी रैगिंग कमेटी और एंटी रैगिंग स्क्वायड को भी समय-समय पर छात्रावासों का निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है।