कर्णप्रयाग। ब्लाक के चूला गांव में निर्माणाधीन सड़क चूला-गबनी के मलबे से खेत और सड़कें बर्बाद हो रही हैं। निर्माणाधीन सड़क का मलबा खेतों से होते हुए सीधे गांव तक पहुंच रहा है। वहीं भूस्खलन से 60 से अधिक परिवारों को खतरा बना है। ग्रामीणों ने एसडीएम से को दिए ज्ञापन में कार्रवाई करने की मांग की।
चूला के प्रधान दलवीर लाल, गबनी के दिनेश लाल सहित हयात सिंह खत्री, वीरेंद्र सिंह, कुंदी लाल, रमेश लाल, बुद्धि लाल, राजेंद्र लाल, कमला लाल, भरत लाल, भजन लाल, मोहन लाल, पूर्व प्रधान धीरेंद्र भंडारी आदि ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत कोल्सों बैंड से चूला-गबनी तक साढ़े तेरह किमी मार्ग का निर्माण किया जा रहा है। विभाग ने सड़क काटकर मलबा जहां-तहां छोड़ दिया है। ऐसे में बरसात में मलबा सीधे खेेतों से होकर गांव तक पहुंच रहा है। भारी बारिश से गांव में भूस्खलन का खतरा भी बना है। ग्रामीणों ने मामले में जल्द कार्रवाई करने की मांग की। वहीं पीएमजीएसवाई के अवर अभियंता सुधीर चंद्र ने बताया कि सड़क पर नई कटिंग की जा रही है। लिहाजा बरसात में कुछ दिक्कत हो सकती हैं, जिसका निरीक्षण कर मामले का निस्तारण किया जाएगा।