गौचर। सीएमओ भागीरथी जंगपानी ने कहा कि गौचर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लैब टेक्नीशियन और एक्सरे टेक्नीशियन पदों पर कर्मचारियों की जल्द व्यवस्था की जाएगी, ताकि मरीजों की सभी जांच अस्पताल में ही हो सके।
सीएमओ का पद भार ग्रहण करने के बाद गोपेश्वर से हरिद्वार जाते हुए शुक्रवार को सीएमओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गौचर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों से अस्पताल की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि अस्पताल में एक्सरे मशीन होने के बावजूद एक्सरे टेक्नीशियन नहीं है। इसके अलावा पैथोलॉजी की व्यवस्था, पैथोलॉजी टेक्नीशियन और आई टेक्नीशियन न होने से मरीजों का इलाज नहीं हो पा रहा है। सीएमओ ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सीएचसी में उच्चीकरण करने का पहले जो प्रस्ताव शासन को गया था। उसमें कई खामियां थीं। अब इसका प्रस्ताव फिर से शासन में भेजा गया है। इस पर शासन से कार्रवाई होने पर पैथोलॉजी व अन्य सुविधाएं अस्पताल में मिलने लगेंगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल टेक्नीशियन के पदों पर कर्मचारियों की व्यवस्था करने का प्रयास किया जाएगा। सीएमओ ने अस्पताल की साफ-सफाई का जायजा लिया और इस पर संतोष व्यक्त करते हुए कर्मचारियों को अन्य जरूरी दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर चिकित्सा प्रभारी डा. हेमंत बुदियाल, डा. अंजना पाल, फार्मासिस्ट भरत सिंह नेगी, हुकम सिंह बिष्ट और मुकेश थपलियाल आदि मौजूद थे।