कर्णप्रयाग। ब्लाक के सोनला-सिलंगी-मैखुरा मोटर मार्ग दो विभागों की जेसीबी होने के बाद भी नहीं खुल पाया। सड़क न खुलने से दस से अधिक गांवों का आवागमन बंद हो गया है।
ब्लाक के सेंज, सिलंगी, घरकूड़ी, गनोली, मोली, डोंठला, कांचुला, धल, मैखुरा, चोपड़यूं सहित आस पास के गांवों का आवागमन सोनला-सिलंगी-मैखुरा मोटर मार्ग से होता है। सोमवार रात को हुई बारिश से सड़क सेंज गदेरे में बंद हो गई। सिलंगी की प्रधान दीपा देवी, मैखुरा के राकेश लाल, डोंठला की अनीता देवी, स्वर्का की किरन देवी, अशोक पंवार, सुरेंद्र सिंह, रामचंद्र सिंह, महिपाल सिंह, वाहन स्वामी विक्रम सिंह, वीरेंद्र सिंह, भगवती प्रसाद मैैखुरी आदि ने कहा कि सड़क पर विश्व बैंक और लोनिवि की दो जेसीबी तैनात हैं, लेकिन मंगलवार को एक दूसरे का काम बताकर दोनों ने सड़क नहीं खोली। ऐसे में कई ग्रामीणों को सात किमी पैदल चलना पड़ा। दूसरी ओर विश्व बैंक डिवीजन के अधिशासी अभियंता ने कहा कि सड़क पर तैनात कर्मियों को जेसीबी चलाकर मलबा हटाने के निर्देश दे दिए गए हैं। जल्द सड़क खोल दी जाएगी। ब्यूरो