कर्णप्रयाग। सोमवार शाम चार बजे गुल हुई चमोली जिले की बिजली 22 घंटे बाद मंगलवार दोपहर दो बजे बहाल हो पाई। ब्लाक के शैल, दुआ के जंगलों में बिजली का तार टूटने से समस्या हो गई थी। बिजली न होने से लोगों को दिक्कतें झेलनी पड़ीं।
तेज बारिश के कारण श्रीनगर के चमोली के लिए आने वाली 66केवी और सिमली विद्युत सब स्टेशन की 132केवी की लाइन में फॉल्ट आ गया था, जिससे सोमवार शाम चार बजे चमोली जिले की बिजली गुल हो गई थी। बिजली न होने से बाजारों में फोटो स्टेट, ऑनलाइन काम सहित अन्य लघु उद्योग प्रभावित हुए। हालांकि निगम के फॉल्ट लोकेटर ने फॉल्ट श्रीनगर से 12 किमी कर्णप्रयाग की ओर बताया, जिसे निगम कर्मियों की टीम डुंग्री पंत के जंगलों में खोजती रही। ऊर्जा निगम के नारायणबगड़ डिवीजन के अधिशासी अभियंता बीएस चौधरी ने बताया कि सोमवार सुबह फॉल्ट की असली लोकेशन मिली। 66केवी की लाइन गौचर के शैल और दुआ गांव के जंगलों में बिजली लाइन पेड़ गिरने से क्षतिग्रस्त हो गई थी, जबकि 132केवी की लाइन शैल और एंड गांव में टूटी हुई थी। हालांकि 132 केवी की लाइन को सुबह 11 बजे ठीक कर दिया गया था, लेकिन 66केवी की लाइन दोपहर दो बजे ठीक हुई। उन्होंने बताया कि लाइन ठीक होते ही जिले की बिजली सप्लाई बहाल कर दी गई है।