जोशीमठ। उर्गम घाटी में कल्पगंगा पर आवाजाही के लिए वर्ल्ड बैंक की ओर से लकड़ी का अस्थायी पुल बनाया गया है। अस्थायी पुल बनने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
27 जुलाई को कल्पगंगा का जलस्तर बढ़ने से यहां बना अस्थायी पुल बह गया था, जिससे भर्की गांव के ग्रामीणों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीण और तीर्थयात्री पंचम केदार कल्पनाथ मंदिर तक भी नहीं पहुंच पा रहे थे। बीते सोमवार को देर शाम तक वर्ल्ड बैंक की ओर से यहां अस्थायी पुल का निर्माण कर दिया गया। अभी पुल के दोनों ओर सपोर्ट बनाना रह गया है। इधर, जोशीमठ के उपजिलाधिकारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि कल्प गंगा पर स्थायी पुल निर्माणाधीन है। कार्यदायी संस्था को पुल निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।