जोशीमठ। बदरीनाथ हाईवे सोमवार को भारी बारिश के कारण टैय्या पुल और लामबगड़ में दिनभर बंद रहा, जिससे बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब की यात्रा बाधित हो गई है। यात्रा बाधित होने पर बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब क्षेत्र में फंसे करीब 800 तीर्थयात्रियों को एसडीआरएफ और पुलिस की मदद से जोशीमठ पहुंचाया गया। हाईवे न खुलने के कारण जोशीमठ, गोविंदघाट, लामबगड़ और बदरीनाथ में करीब 450 तीर्थयात्री फंसे हुए हैं। वहीं 250 तीर्थयात्री लामबगड़ में तीन किलोमीटर तक पैदल चलने के बाद फिर वाहन से बदरीनाथ धाम पहुंचे। बारिश को देखते हुए बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब की तीर्थयात्रा फिलहाल रुकी हुई है।
बदरीनाथ हाईवे रविवार को दोपहर दो बजे लामबगड़ में मलबा और बोल्डर आने से बाधित हो गया था। क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण हाईवे सुचारु नहीं हो पाया। सोमवार को भी दिनभर जिले में बारिश होती रही। दोपहर करीब एक बजे टैय्या पुल के पास चट्टान का एक हिस्सा हाईवे पर आ गया और इसके बाद हेमकुंड साहिब की यात्रा भी बाधित हो गई। हाईवे बाधित होने से बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब क्षेत्र में फंसे करीब आठ सौ तीर्थयात्रियों को एसडीआरएफ और पुलिस की मदद से जोशीमठ पहुंचाया गया। यहां से यात्री अपने गंतव्य को रवाना हुए। वहीं, सोमवार सुबह नौ बजे चमोली के पास करीब दस मीटर चट्टान का हिस्सा हाईवे पर आ गया था, जिसके बाद यात्रा वाहनों की आवाजाही नंदप्रयाग-कोठियालसैंण मोटर मार्ग से कराई गई। हालांकि दोपहर एक बजे यहां बीआरओ ने हाईवे सुचारु कर दिया। एसडीएम जोशीमठ योगेंद्र सिह ने बताया कि लामबगड़ और टैय्या पुल के पास बदरीनाथ हाईवे खोलने का काम जारी है। खराब मौसम केे कारण हाईवे खोलने में दिक्कतें आ रही हैं। तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के लिए पैदल मार्ग पर एसडीआरएफ की टीम तैनात की गई है।