अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
बैडमिंटन टूर्नामेंट में उत्तराखंड के खिलाड़ी भी अपनी छाप छोड़ने में कामयाब रहे। टूर्नामेंट में सबसे अधिक प्रभावित कुहू गर्ग ने किया। एक साथ मिक्स डबल्स और वूमैन डबल्स का फाइनल खेलकर कुहू ने इतिहास रच दिया है। कुहू उत्तराखंड की एकमात्र अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी है।
हरिद्वार में नेशनल टूर्नामेंट में 242 खिलाड़ियों में 20 से अधिक खिलाड़ी उत्तराखंड के रहे। टूर्नामेंट में सबसे आगे अंतरराष्ट्रीय शटलर देहरादून की कुहू गर्ग रही। उत्तराखंड के तीन खिलाड़ियों ने क्वाटर फाइनल में प्रवेश किया है। काशीपुर के मोहित तिवारी और देहरादून के रोहित रतूड़ी की जोड़ी ने टूर्नामेंट में काफी प्रभावित किया है। शुभारंभ के दौरान इंटरनेशनल प्लेयर वी डीजू और चेतन आनंद के साथ खेलने का मौका मिला। हालांकि उत्तराखंड की जोड़ी कम अंतर से हारी, लेकिन प्रदेश की दोनों प्रतिभाओं को इंटरनेशल खिलाड़ियों ने बधाई दी। सेमीफाइनल में कड़े मुकाबले में विग्रेश और सौरभ ने दोनों को हरा दिया। हार के बाद भी दोनों खिलाड़ियों ने दिल जीत लिया। काशीपुर के हिमांशु तिवारी, देहरादून के प्रिंस चतुर्वेदी, काशीपुर की मोनिका ठाकुर और स्वाती शर्मा, उमंग, वरुण समेत कई खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट में भाग लिया। इसके अलावा दीपांक वर्मा और भावेश पांडे की जोड़ी ने भी काफी हद तक अच्छा खेला। क्वाटर फाइनल में दोनों की जोड़ी बाहर हुई। देहरादून के अभिषेक अग्रवाल के साथ खेल रहे काशीपुर के अमृतपाल सिंह और देहरादून के सौरभ पांडे और इशिता पंवार की जोड़ी की भी खूब तारीफ हुई। उधर रोहित रतूडी ने बताया कि प्रदेश के खिलाड़ी देश के लिए खेलने के लिए तैयार हैं।