श्रीनगर। आखिरकार गोतीर्थाश्रम के समीप शराब की दुकान का विरोध कर रहे आंदोलनकारियों के आगे प्रशासन को झुकना पड़ा। प्रशासन ने रविवार को मांगों पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। वहीं आमरण अनशन पर बैठी राजेश्वरी जोशी ने कार्रवाई के बाद ही अनशन समाप्त करने की बात कही।
शनिवार देर शाम आंदोलनकारी राजेश्वरी जोशी की तबियत बिगड़ने के बाद एसडीएम मायादत्त जोशी, तहसीलदार सुनील राज व जिला आबकारी अधिकारी प्रभाशंकर मिश्रा गोतीर्थाश्रम पहुंचे। शनिवार दोपहर अनशनकारी का स्वास्थ्य परीक्षण करने आई स्वास्थ्य विभाग की टीम को बैरंग लौटना पड़ा था। अनशनकारी राजेश्वरी जोशी का कहना था कि प्रशासनिक अधिकारी की उपस्थित में ही वह स्वास्थ्य परीक्षण करवाएंगी। इसके शाम चार बजे करीब अनशनकारी को पेट दर्द की शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एसडीएम की मौजूदगी में स्वास्थ्य परीक्षण किया। चिकित्सकों ने उनके स्वास्थ्य में गिरावट बताई। एसडीएम मायादत्त जोशी ने आंदोलनकारियों को बताया कि रविवार को सीडीओं मामले की जांच करने के लिए आएंगे। साथ आंदोलनकारियों पर दर्ज मुकदमों को वापस लिए जाने के लिए डीएम के माध्यम से शासन को पत्र भेजा जाएगा। कहा कि आंदोलनकारियों की ओर से दुकान संचालक के खिलाफ दी गई तहरीर पर मुकदमा भी दर्ज किया जाएगा। गोतीर्थाश्रम समिति के अध्यक्ष प्रेमबल्लभ नैथानी व समीर रतूड़ी ने कहा कि अगर रविवार को उनकी तीनों मांगों पर कार्रवाई कर दी गई तो आमरण अनशन समाप्त कर दिया जाएगा। हालांकि धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।
............
गोदाम में बनाई गई खिड़की सीज
श्रीनगर एसडीएम व जिला आबकारी निरीक्षक ने दुकान संचालकों की ओर से गोदाम में बनाई गई खिड़की को सीज कर दिया गया। आंदोलनकारियों ने शिकायत की थी कि दुकान संचालक खिड़की से देर रात तक शराब बेच रहे हैं।