गोपेश्वर। पीजी कालेज गोपेश्वर से बिना रिलीवर भेजे यहां तैनात प्रवक्ताओं के स्थानांतरण का छात्र-छात्राओं ने विरोध किया। छात्रों ने महाविद्यालय में सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। छात्रों ने स्थानांतरण से रिक्त हुए पदों पर प्रवक्ताओं की तैनाती की मांग उठाई है। कहा गया कि शीघ्र प्रवक्ताओं की तैनाती नहीं की गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
पीजी कॉलेज गोपेश्वर से अर्थशास्त्र, भौतिक विज्ञान, अंग्रेजी, बीएड और समाजशास्त्र विषयों के प्रवक्ताओं का स्थानांतरण कर दिया गया है। इनकी जगह महाविद्यालय में न तो रिलीवर भेजे गए हैं और न ही प्रवक्ताओं की तैनाती की गई है। यहां अर्थशास्त्र विभाग के प्रवक्ता के स्थानांतरण के बाद विभाग खाली हो गया है। वहीं भौतिक विज्ञान और अंग्रेजी जैसे विषयों का संचालन एक-एक प्रवक्ता कर रहा है। छात्र संघ अध्यक्ष अनूप रावत और पूर्व अध्यक्ष सूर्य प्रकाश ने कहा कि छात्रों के आंदोलन के बाद क्षेत्रीय विधायक ने महाविद्यालय में प्रवक्ताओं शिक्षकों की तैनाती का आश्वासन दिया था, लेकिन महाविद्यालय से तैनात शिक्षकों का बिना रिलीवर के स्थानांतरण किया जा रहा है। इस मौके पर छात्र संघ उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह, वीरेंद्र सिंह कुंवर, मिथलेश, प्रकाश भंडारी, अरुण रावत, शिवानी चौहान और दर्शन नेगी आदि मौजूद थे।