अमर उजाला ब्यूरो
श्यामपुर।
घर में बैठे युवक पर बंदरों के झुंड ने हमला कर उसे घायल कर दिया। युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। बंदरों के लगातार बढ़ रहे हमलों से परेशान ग्रामीणों ने रेंज कार्यालय पर प्रदर्शन किया।
बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे श्यामपुर निवासी अजीजुर्रहमान पुत्र मुश्ताक अपने घर में बैठा था। तभी अचानक बंदरों का झुंड आया और अजीजुर्रहमान पर हमला कर दिया। उसकी चीख सुनकर ग्रामीण एकत्र हुए। उन्होंने बड़ी मुश्किल से युवक को छुड़ाया।
इस हमले से गुस्साए ग्रामीण सानू अंसारी, नूर मोहम्मद, योगेश चौहान, राकेश कुमार, इस्लाम, सरफराज अंसारी आदि ने वन विभाग के श्यामपुर रेंज कार्यालय का घेराव किया। वे युवक का समुचित इलाज कराने और बंदरों को पकड़वाने की मांग कर रहे थे। वन क्षेत्राधिकारी यशपाल सिंह राठौर ने ग्रामीणों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने वन विभाग की गाड़ी से युवक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया साथ ही उपचार के लिए दो हजार रुपये भी दिए।
चार दिन पहले भी लाहड़पुर गांव में स्कूल जा रहे दो बच्चों को लंगूर ने हमला कर दिया था। जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। शानू अंसारी का कहना है कि तीन महीने पहले उनके बेटे को भी बंदर ने बुरी तरह से घायल किया था तब भी ग्रामीणों ने बंदरों को पकड़ने के लिए श्यामपुर कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया था। ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्दी बंदरों को नहीं पकड़ा जाता तो वह वन प्रभागीय अधिकारी कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन करेंगे।