अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
श्री पंचायती अखाड़ा निर्मल के सचिव पद पर महंत बलवंत सिंह के यथावत बने रहने के सिविल कोर्ट के स्थगन आदेश के बाद बृहस्पतिवार को अखाड़े जाने की तैयारी कर रहे सचिव को पुलिस ने समझा बुझाकर रोक लिया।
एसओ अनुज सिंह ने कानून व्यवस्था से जुड़ा मुद्दा होना बताकर सचिव को श्री पंचायती अखाड़ा जाने से रोक लिया। अखाड़े के अध्यक्ष श्री महंत बलदेव सिंह ने सचिव महंत बलवंत सिंह को सचिव पद से हटाया था। आरोप लगाया था कि बिल्डरों के साथ मिलकर सचिव ने अखाड़े की भूमि खुर्द बुर्द की है। सचिव पद से हटाने के बाद अखाड़े की राजनीति में भूचाल आ गया था। अखाड़े को बम से उड़ा देने की धमकी मिलने पर कैंपस में पीएसी तैनात कर दी गई थी। बुधवार को सचिव महंत बलवंत सिंह ने कोर्ट से पद पर बने रहने के आदेश दिए थे और बिल्डर के साथ मिलकर भूमि खुर्द बुर्द करने के आरोप को निराधार बताया था। चूंकि कोर्ट से सचिव बलवंत सिंह को स्टे मिल ही चुका है लिहाजा वे बृहस्पतिवार को अखाड़े जाने की तैयारी कर रहे थे। यह जानकारी मिलने पर पुलिस सक्रिय हो गई। एसओ अनुज सिंह ने सचिव महंत बलवंत सिंह से मुलाकात कर उन्हें अखाड़े न जाने के लिए कहा। हवाला दिया कि मामला कानून व्यवस्था से जुड़ा होने से अभी अखाड़े जाना ठीक नहीं होगा। एसओ की बात को समझते हुए सचिव ने अखाड़े जाने का कार्यक्रम स्थगित कर दिया।