श्रीनगर। बीएससी प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए विवि प्रशासन ने पहली सूची की कट ऑफ जारी कर दी है। प्रवेश के लिए बुधवार से कांउसिलिंग प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। बीएससी प्रथम सेमेस्टर की 1295 सीटों के लिए 2513 आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं। इसमें 1444 ऑन लाइन और 1069 ऑफ लाइन आवेदन पत्र शामिल हैं।
मंगलवार को गढ़वाल विवि के बिड़ला परिसर स्थित डीन फैकल्टी सभागार में पहली सूची की कट ऑफ जारी कर दी गई है। डीन स्कूल ऑफ साइंस प्रो. डीएम जोशी और बीएससी प्रथम सेमेस्टर प्रवेश कमेटी के संयोजक प्रो. एसएन बहुगुणा ने बताया कि बीएससी प्रथम सेमेस्टर बायो ग्रुप के लिए सामान्य वर्ग की कट आफ 73.2, एससी-एसटी के लिए 40, ओबीसी और अन्य के लिए 45 कट ऑफ निर्धारित की गई है। गणित में सामान्य वर्ग के लिए 77.8, एससी-एसटी के लिए 40, ओबीसी और अन्य के लिए 45 प्रतिशत कट ऑफ निर्धारित की गई है। काउंसिलिंग बिड़ला परिसर स्थित एसीएल हॉल में आयोजित की जाएगी। ऑनलाइन आवेदन करने वाले छात्रों को आवेदन पत्र के हार्ड कॉपी की दो प्रति साथ में लानी होगी।
केमिस्ट्री के लिए अलग से कट ऑफ
श्रीनगर। रसायन विज्ञान (केमिस्ट्री) के लिए कट ऑफ अलग से निर्धारित की गई है। बायोग्रुप में रसायन विज्ञान विषय में प्रवेश के लिए सामान्य वर्ग की कट ऑफ 73.2, एससी के लिए 63, एसटी के लिए 48.4, ओबीसी के लिए 56.8 निर्धारित की गई है। गणित में रसायन विज्ञान के लिए सामान्य वर्ग की कट ऑफ 77.8, एससी के लिए 58.8, एसटी के लिए 54 तथा ओबीसी के लिए 65.6 निर्धारित की गई है।
पिछले वर्ष की तुलना में दोगुने छात्रों ने किया आवेदन
श्रीनगर। पिछले वर्ष बीएससी प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए 1400 छात्रों ने आवेदन किया था, जिसमें से करीब 900 छात्रों ने प्रवेश लिया, जबकि इस बार 2513 छात्रों ने आवेदन किया है। गणित ग्रुप में 615 और बायो ग्रुप में 680 सीटें निर्धारित हैं।
इन प्रमाण पत्रों को लाएं काउंसिलिंग में
1. हाईस्कूल अंक तालिका व प्रमाण पत्र
2. इंटरमीडिएट अंक तालिका व प्रमाण पत्र
3. स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी)
4. चरित्र प्रमाण पत्र
5. प्रवजन प्रमाण पत्र (माइग्रेशन)
6. जाति प्रमाण पत्र
7. एनसीसी, एनएसएस, खेल आदि अन्य प्रमाण पत्र