श्रीनगर। गोतीर्थाश्रम के समीप संचालित ठेके से देर रात तक शराब बेचे जाने पर क्षेत्र की महिलाओं में जबर्दस्त गुस्सा है। इसे लेकर शनिवार को महिलाओं ने एसडीएम माया दत्त जोशी का घेराव किया। इस पर एसडीएम ने शराब की दुकान पर पहुंचकर मानकों के तहत ही दुकान संचालित किए जाने के निर्देश दिए। इस दौरान ठेका संचालकों और महिलाओं के बीच तीखी नोकझोक भी हुई।
आंदोलनकारी राजेश्वरी रावत और सुरजी उनियाल ने कहा कि शराब की दुकान से देर रात तक शराब बेची जा रही है। उन्होंने एसडीएम को वीडियो फुटेज भी दिखाई। इस पर एसडीएम ने ठेके पर पहुंचकर मानकों के तहत दुकान संचालित किए जाने के कड़े निर्देश दिए। इसी दौरान आंदोलनकारी समीर रतूड़ी और ठेका प्रबंधक संजय पटवाल के बीच कहासुनी हो गई। बात हाथापाई तक पहुंचती इससे पहले अन्य आंदोलनकारियों ने किसी तरह मामला शांत कराया।