श्रीनगर। स्कूल में अनियमितताएं पाई जाने पर एसडीएम ने रैनबो पब्लिक स्कूल को नोटिस जारी किया है। विद्यालय को 25 जुलाई तक जवाब देने को कहा गया है। पिछले वर्ष एबीवीपी ने भी विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन किया था। एबीवीपी का आरोप था कि विद्यालय प्रबंधन अभिभावकों से अत्यधिक शुल्क वसूल रहा है।
19 जुलाई को एसडीएम मायादत्त जोशी की अध्यक्षता में गठित कमेटी ने रैनबो पब्लिक स्कूल का निरीक्षण किया। एसडीएम ने बताया कि निरीक्षण के दौरान विद्यालय में घोर अनियमितताएं पाईं गईं। एसडीएम जोशी ने बताया कि विद्यालय की मान्यता पौड़ी जनपद से ली गई है, लेकिन विद्यालय की तीन कक्षाएं (कक्षा 1 से 3 तक) ही श्रीनगर में संचालित हो रही हैं जबकि चौथी से 12वीं तक की कक्षाएं टिहरी जनपद के चौरास क्षेत्र में संचालित हो रही हैं, जो नियम विरुद्ध है। एसडीएम ने विद्यालय प्रबंधन पर वित्तीय अनियतितताओं का भी आरोप लगाया है। जोशी ने बताया कि अभिभावकों से प्राप्त किए जा रहे शुल्क की मदवार प्राप्ति रसीद उपलब्ध नहीं करवाई जा रही है और ना ही शुल्क की रसीद छापी गई है। विद्यालय में शुल्क से संबंधित कोई भी पंजिका/अभिलेख उपलब्ध नहीं है। विद्यालय में शुल्क निर्धारण की क्या प्रक्रिया है, इसमें वृद्धि करने के लिए कौन-कौन पदाधिकारी अधिकृत हैं, यह भी विद्यालय प्रबंधन द्वारा स्पष्ट नहीं किया गया है। निरीक्षण दल में उपशिक्षा अधिकारी पीएल भारती और पुलिस कर्मी भी शामिल थे।
कोट
विद्यालय का शुल्क बैंक मे जमा किया जाता है, जिसकी तीन रसीद होती हैं। बैंक, विद्यालय प्रबंधन और अभिभावक के पास एक-एक रसीद उपलब्ध होती है। स्कूल की मान्यता टिहरी और पौड़ी दोनों जनपदों से है। डा. रेखा उनियाल, प्रधानाचार्य, रैनबो पब्लिक स्कूल।