श्रीनगर (ब्यूरो)। चमोली जिले के बैनोली (नारायणबगड़) गांव से आए तेल से जले युवक को राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। युवक राजकीय महाविद्यालय कर्णप्रयाग में बीएससी का छात्र है।
संक्रांति के पर्व पर कृष्णा सिंह रावत के घर में पकोड़ी बनाने के लिए तेल गर्म किया हुआ था। दूसरे स्थान पर रखते समय कड़ाही कृष्णा के ऊपर गिर गई, जिससे खौलते तेल से वह बुरी तरह से जल गया। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए। जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, लेकिन कृष्णा को मेडिकल कॉलेज में राहत नहीं मिल पाई। उसे यहां से भी रेफर कर दिया गया। कृष्णा के गांव निवासी आईसा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अतुल सती ने बताया कि कृष्णा को कोरोनेशन अस्पताल दून ले जाया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज होने के बावजूद यहां जले हुए रोगियों के उपचार की कोई व्यवस्था नहीं है। कॉलेज के इमरजेंसी विभाग को प्रशिक्षु चिकित्सकों और पॉलीटेक्निक के प्रशिक्षु फार्मेसी छात्रों के भरोसे छोड़ दिया गया है। इधर, इमरजेंसी विभाग के अनुसार, सर्जरी विभाग के चिकित्सक उपचार के लिए पहुंच गए थे। युवक 50 फीसदी जल चुका है। आपसी सलाह पर उसे रेफर कर दिया गया।