श्रीनगर (ब्यूरो)। सिल्काखाल-गोनी-एराड़ी मोटर मार्ग का मलबा ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बना है। मलबे से जहां ग्रामीणों की फसल बरबाद हो गई वहीं प्राकृतिक जल स्रोत के दब जाने से ग्रामीणों को पेयजल समस्या से जूझना पड़ रहा है। आम रास्ते हुए क्षतिग्रस्त हो गए है, तो कई मकान खतरे की जद में आ गए है।
विकास खंड कीर्तिनगर के ग्राम पंचायत गोनी के ग्रामीण मोटर मार्ग के निर्माण के बाद विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे है। एक साल पूर्व लोनिवि खंड कीर्तिनगर की ओर से सिल्काखाल-गोनी-एराड़ी मोटर मार्ग का निर्माण कार्य करवाया गया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर निर्माण का मलबा गिराया गया। बारिश होने से यह मलबा अब ग्रामीणों की फसल व पेयजल स्रोतों के ऊपर आ चुका है, जिससे ग्रामीणों का प्राकृतिक जल स्रोत मलबे से दब गया है। ग्रामीण गौतम सिंह रावत ने बताया कि विभाग की ओर से लोगों के घरों के आगे सड़क निर्माण किया गया। इस दौरान कुछ जगहों पर सुरक्षा दीवारें भी लगाई गई, लेकिन बारिश से यह दीवारें भी ध्वस्त हो चुकी है। बताते है कि सड़क निर्माण के दौरान गांव के आम रास्तों को क्षतिग्रस्त किया गया। आज तक रास्तों का भी निर्माण नही हो पाया है। ग्रामीण बादर सिंह रावत, राजेंद्र सिंह, विक्रम सिंह, गुमान सिंह व सौभती देवी आदि ने लोनिवि से परिसंपत्तियों व आवासीय भवनों की सुरक्षा की मांग की है।
...........
पेयजल स्रोत से मलबा हटाने का काम एक दो दिन में शुरू करवा लिया जाएगा। रास्तों का निर्माण व पुस्तों का कार्य बरसात का सीजन समाप्त होने के बाद शुरू किया जाएगा।
हर्षवर्धन मैठाणी सहायक अभियंता लोनि खंड कीर्तिनगर।