जिले में स्वाइन फ्लू और उसके संदिग्ध मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। बुधवार को दून में 15 नये मरीज सामने आए। इनका विभिन्न निजी और सरकारी अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इनके रक्त नमूने जांच के लिए दिल्ली भेज दिए गए हैं।
12 में अब तक हुई पुष्टि
स्वाइन फ्लू के जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. मदन बोनाल ने बताया कि बुधवार को वैश्य नर्सिंग होम और सीएमआई से चार-चार, हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट से पांच, दून और इंदिरेश अस्पताल से एक-एक मरीज के रक्त नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
डॉ. बोनाल ने बताया कि जिले से अब तक कुल 119 नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। इनमें से 44 की रिपोर्ट निगेटिव आई है, जबकि 12 मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। 63 मरीजों की रिपोर्ट आनी बाकी है।
युवक की हालत में सुधार नहीं
दून अस्पताल के आईसीयू में भर्ती मोहकमपुर निवासी स्वाइन फ्लू संदिग्ध युवक की हालत में सुधार नहीं हो रहा है। उसे रविवार को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया था। हालत बिगड़ने पर मंगलवार को उसे आईसीयू में भर्ती कर वेंटिलेटर पर रखा गया है।
तीन हजार टैबलेट मंगाए
मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय ने स्वाइन फ्लू की तीन हजार अतिरिक्त दवाएं मंगाई है। दिल्ली की कंपनी ने दवाओं का कूरियर डिस्पैच करने की सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी है।