हरिद्वार। शाहदरा दिल्ली के दो किशोरों को साधु बनने के लिए राजी करने पर एक साधु को रात भर हवालात की हवा खानी पड़ी। पुलिस ने शांतिभंग करने के आरोप में साधु का चालान कर दिया, जबकि किशोरों को उनके परिजन की सुपुर्दगी में कर दिया।
मामला मंगलवार शाम बिरला घाट क्षेत्र का है। गंगा घाट पर दो किशोर नहा रहे थे। इसी दौरान एक साधु भी वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने किशोरों से संपर्क साधा और उन्हें सन्यासी बनने के लिए प्रेरित करने लगा। एक किशोर राजी हो गया, लेकिन दूसरा नहीं माना। इस पर वे एक- दूसरे से उलझ गए। तभी हो हल्ला होने पर पुल पर मौजूद होमगार्ड पहुंच गया। तब पता चला कि साधु इन किशोरों को सन्यासी बनने के लिए बोल रहा था। फिर सबको कोतवाली लाया गया। कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि साधु रजनीश गिरि शिष्य कपिल मुनि निवासी शिव धूना टंकी के पास ललतारौ पुल का शांतिभंग करने के आरोप में चालान कर दिया गया। बताया कि दोनों किशोर दिल्ली से कांवड़ लेने आए थे, उन्हें उनके परिजन के सुपुर्द कर दिया गया।