गोपेश्वर (ब्यूरो। जिले में रुक-रुककर हो रही बारिश और भूस्खलन से गांवों को जोड़ने वाले 11 संपर्क मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। 18 सड़कों पर लोग जोखिम के बीच सफर करने को मजबूर हैं।
जिले में पिछले दिनों से हो रही बारिश से 11 मोटर मार्ग बंद हो गए हैं। लासी-सरतोली, चमोली-खैनूरी, चमोली-पलेठी, पोखरी-हापला सहित कई अन्य क्षेत्रों की सड़कों पर मलबा और भूस्खलन होने से वाहनों की आवाजाही ठप है। बिरही-निजमुला मोटर मार्ग छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए खुला तो है, लेकिन जगह-जगह जल भराव होने से सड़क खतरनाक बनी हुई है। हेलंग-उर्गम, सेलंग-सलूड़-डुंग्रा, गोपेश्वर-कुजौं-मैकोट, चमोली-छिनका, गोपेश्वर-नेल-कुड़ाऊं, गडोरा-कम्यार, पलसारी-बमियाला, कांडई-बैरासकुंड, घाट-बांजबगड़, घाट-तेलाण, घाट-सुतोल और पीपलकोटी-मठ-बेमरु सड़कें भी बारिश से खतरनाक बनी हुई हैं।
ग्राम प्रधान सुरेंद्र सिंह रावत, भगत लाल, रविंद्र सिंह और भजन लाल का कहना है कि लोनिवि, पीएमजीएसवाई और एडीबी की ओर से सड़कों की हालत सुधारने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर सड़कों की स्थिति बेहद खराब है। इधर, लोनिवि के अधिशासी अभियंता धन सिंह रावत का कहना है कि अवरुद्ध हुई सड़कों को मशीनों से खोलने का काम जोरों पर है। जिले में रुक-रुककर हो रही बारिश से सड़क सुधारीकरण कार्य में दिक्कतें आ रही हैं।