गैरसैंण (ब्यूरो)। मुख्य बाजार में टैक्सी स्टैंड (पार्किंग) के निर्माण की मांग को लेकर रविवार को रामगंगा टैक्सी यूनियन के चालकों और वाहन स्वामियों ने नैनीताल हाईवे पर मुख्य बाजार में करीब ढाई घंटे जाम लगाया। वाहन चालकों ने दोपहर एक बजे तक टैक्सियों का संचालन भी बंद रखा।
टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष दान सिंह नेगी के नेतृत्व 50 से अधिक वाहन चालक और स्वामी तड़के पांच बजे मुख्य बाजार में पहुंचे। पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार वाहन चालकों ने नैनीताल हाईवे पर चटाई बिछाकर धरना शुरू कर दिया, जिससे रामनगर, चौखुटिया, नैनीताल, हल्द्वानी को जाने वाली वाहन जाम में फंस गए। करीब सात बजे थानाध्यक्ष रविंद्र सिंह नेगी मौके पर पहुंचे और उन्होंने आंदोलनकारियों को समझाने की कोशिश की लेकिन आंदोलनकारी नहीं माने। इसके बाद साढ़े सात बजे एसडीएम स्मृता परमार और तहसीलदार बंशीधर जोशी धरनास्थल पर पहुंचे। इस दौरान आंदोलनकारियों ने कहा कि गैरसैंण विकास परिषद द्वारा रामलीला मैदान में पार्किंग के निर्माण की स्वीकृति दी गई थी, लेकिन कई बार सर्वे करने के बाद भी यहां पार्किंग का निर्माण नहीं किया जा रहा है। वाहन सड़क पर खड़े हो रहे हैं जिससे आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। एसडीएम स्मृता परमार ने आंदोलनकारियों को जल्द पार्किंग निर्माण के लिए कार्रवाई करने का आश्वासन दिया, साथ ही कहा कि यदि जाम नहीं खोला गया तो हाईवे को जाम करने के मामले में मुकदमे दर्ज किए जाएंगे।
एसडीएम के आश्वासन पर करीब साढ़े सात बजे जाम खोलने के बाद आंदोलनकारियों ने रामलीला मैदान में बैठक की। आंदोलकारियों ने प्रशासन को चेताया कि जल्द ही पार्किंग का निर्माण शुरू नहीं किया गया तो अनिश्चतकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान रामगंगा यूनियन से जुड़े वाहन चालक और स्वामी मौजूद थे।