देवाल (ब्यूरो)। ब्लाक के सूयालकोटी घाटी के बीस से अधिक गांवों को जोड़ने वाली देवाल-खेता सड़क तीसरे दिन भी नहीं खुल पाई। सड़क बंद होने से मेलखेत में एक बस सहित कई जीपें फंसी हुई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि आपदा से निपटने के लिए भले ही प्रशासन लाख दावे करता है, लेकिन सड़क को तीन दिन में भी नहीं खोला जा सका है। यहां आई जेसीबी वापस मंगा ली गई है अब सड़क कब खुलेगी यह भी पता नहीं। तीन दिनों से गांवों में खाद्य वस्तुओं की आपूर्ति नहीं हो पाई है।
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की देवाल-खेता सड़क मेलखेत में मलबा आने से बुधवार सुबह पांच बजे से बंद है। सड़क बंद होने से देवाल से कर्णप्रयाग आने वाली बस और स्थानीय स्तर पर गांवों से देवाल तक आने जाने वाली कई जीपें भी यहां फंसी हुई हैं। तीन दिनों से सड़क बंद होने से लोगों को मेलखेत में सड़क के ऊपरी खतरनाक चट्टानी भाग से जान हथेली पर रखकर जाना पड़ रहा है। मेलखेत के गणेश जोशी ने बताया कि मानमती, मेलखेत, हरमल, तोरती, झलिया, चोटिंग, सौरीगाड़, उपथर सहित घाटी के बीस से अधिक गांवों में खाद्य वस्तुओं की आपूर्ति ठप पड़ गई है। बृहस्पतिवार को सड़क खोलने आई जेसीबी में तेल खत्म होने से जेसीबी शुक्रवार को वापस मंगा ली गई। अब सड़क कब खुलेगी यह भी नहीं पता। हालांकि पीएमजीएसवई के ईई बीएस रावत ने बताया कि दूसरी जेसीबी मशीन की व्यवस्था की जा रही है। जल्द सड़क को खोल दिया जाएगा। वहीं जिलाधिकारी आशीष जोशी ने बताया कि सड़क बंद होने की सूचना अभी मिली है विभाग को सड़क खोलने के लिए निर्देशित किया जा रहा है।