छात्रों से अनाधिकृत शुल्क लिया तो खैर नहीं
निजी विद्यालयों में शुल्क को लेकर मनमानी पर शासन ने की समिति गठित
>> एसडीएम हैं समिति के अध्यक्ष, पुलिस कप्तान सदस्य
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। अब निजी विद्यालय छात्रों से अनाधिकृत शुल्क नहीं ले पाएंगे। निजी विद्यालयों की ओर से लिए जा रहे शुल्क की निगरानी के लिए शासन के निर्देशानुसार तहसील स्तर पर समिति का गठन किया गया है, जिसमें एसडीएम अध्यक्ष व पुलिस कप्तान सदस्य हैं।
खंड शिक्षा अधिकारी एमएल आर्य ने बताया कि शासन के निर्देश पर एसडीएम की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया गया है। इसमें उपशिक्षा अधिकारी सदस्य सचिव हैं। जबकि पुलिस कप्तान व खंडशिक्षा अधिकारी कमेटी के सदस्य हैं। कमेटी निजी विद्यालयों की ओर से लिए जा रहे शुल्क पर निगरानी रखेगी। आर्य ने बताया कि अगर कोई निजी विद्यालय पुन: प्रवेश शुल्क, कंपीटीशन शुल्क जैसे अन्य शुल्क के नाम पर अनाधिकृत शुल्क ले रहा है तो अभिभावक कमेटी व इसके सदस्यों से शिकायत कर सकते हैं। अभिभावक निजी विद्यालयों की शिकायत खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय में लिखित रूप से भी कर सकते हैं। इसके अलावा तहसील में भी शिकायत पंजिका उपलब्ध है। आर्य ने बताया कि अगर जांच में शिकायत सही पाई गई तो विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कमेटी जुलाई माह में क्षेत्र के सभी निजी विद्यालयों का निरीक्षण भी करेगी।
............
पुन: प्रवेश शुल्क वापस न किए जाने पर होगी कार्रवाई
श्रीनगर (ब्यूरो)। खंड शिक्षा अधिकारी एमएल आर्य ने बताया कि अगर निजी विद्यालयों ने अभिभावकों से लिया पुन: प्रवेश शुल्क वापस नहीं किया तो विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए जुलाई माह में क्षेत्र के सभी निजी विद्यालयों का निरीक्षण किया जाएगा।