मोहना तू बसी गै छै म्यारा दिल मा...पर थिरके युवा
अमर उजाला ब्यूरो
पौड़ी।
ग्रीष्मोत्सव-2017 की पांचवीं सांस्कृतिक संध्या में माया उपाध्याय म्यूजिकल नाइट ग्रुप ने हिंदी, गढ़वाली और पंजाबी गीतों की प्रस्तुति से युवा दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। दर्शक देर रात तक इन गानों पर थिरकते रहे। कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया।
रविवार देर रात तक चली ग्रीष्मोत्सव की सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत भगवान गणेश की स्तुति ‘श्री गणेशा देवा...’ गीत और नृत्य की प्रस्तुति से हुई। इसके बाद माया उपाध्याय ने ‘मोहब्बत बरसा दे ना तू...’ ‘मिले हो तुम हमको...’ ‘तेन्नु कितना मैं प्यार करां...’ रिमिक्स ‘लैला मैं लैला...’ ‘ऊं शांति...’ आदि गीत गाकर युवा दर्शकों को देर रात तक खूब झुमाया। दर्शकों ने गढ़वाली गीतों की फरमाइश की। इस पर माया उपाध्याय ने जैसे ही गढ़वाली गीत ‘मोहना तू बसी गै छै म्यारा दिल मा...’ प्रस्तुत किया तो युवा दर्शक थिरकने लगे। प्रकाश जोशी ने भी विभिन्न गीतों की प्रस्तुति दी। वहीं हास्य कलाकार अनिल भटनागर ने विभिन्न फिल्मी हस्तियों, जानवरों और घुंघरूओं की आवाज सुनाकर दर्शकों को खूब गुदगुदाया।
इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष यशपाल बेनाम, मंच संचालक वीरेंद्र खंकरियाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य त्रिभुवन उनियाल, पूर्व ब्लाक प्रमुख मुकेश नेगी, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष विजय शर्मा, विक्रम रावत व रमेश नेगी आदि मौजूद थे।