ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
ब्रह्मपुरी वार्ड में अमृत योजना के तहत पेयजल निगम द्वारा डाली जा रही पेयजल लाइन डालने का कार्य धीमी रफ्तार से होने के चलते स्थानीय लोगों में आक्रोश है। ब्रह्मपुरी वार्ड के पार्षद का आरोप है कि कई बार शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने दो दिन के भीतर समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
पार्षद सतीश कश्यप ने बताया कि उनके वार्ड में पेयजल लाइनें डालने का कार्य चल रहा है। जहां-तहां खुदाई कर दी गई है। इसके अलावा सीवर लाइनों के साथ ही पुरानी पेयजल लाइन भी प्रभावित हो रही हैं। इसके कारण पेयजल संकट पैदा हो रहा है। धीमे निर्माण कार्य के बाबत क्षेत्रीय लोग अधिकारियों से कई बार शिकायत कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि अगर दो दिन के भीतर पेयजल निगम ने प्रीत विहार कॉलोनी, चमनपुरी, ब्रह्मपुरी क्षेत्र में पानी की लाइन डालने के बाद वहां से मिट्टी का उठान और समतलीकरण का कार्य एवं पानी के कनेक्शन देना शुरू नहीं किया तो अधिकारियों का घेराव किया जाएगा। इस दौरान अमित, संजीत कुमार, मनीषा, आशीष गिरी, मनीष भट्ट, हीरालाल, कौशलेंद्र सिंह, नीरा कंडारी, नीरज यादव, सुनीता पाल, विद्या बिष्ट, संजू कंडारी, बृजपाल, जितेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।